
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने शनिवार, 14 नवंबर 2026 को आलमनगर स्थित प्रशिक्षण केंद्र और चारबाग स्थित वंदे भारत मेंटेनेंस शेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने और वंदे भारत एक्सप्रेस के कोचों के रखरखाव कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने आलमनगर प्रशिक्षण केंद्र के पुराने भवन का जायजा लिया। उन्होंने भवन के नवीनीकरण और आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केंद्र को सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए नए स्वरूप में विकसित किया जाए, ताकि यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले रेल कर्मचारियों को बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।

इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक चारबाग स्थित नवनिर्मित वंदे भारत मेंटेनेंस शेड पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा वंदे भारत एक्सप्रेस के कोचों के रखरखाव और अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा की।
इस दौरान नवनिर्मित वंदे भारत मेंटेनेंस शेड की सिक लाइन का संचालन भी शुरू किया गया। इसके साथ ही सिक लाइन में एक कोच की मरम्मत का कार्य भी प्रारंभ हुआ। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को कोचों के नियमित रखरखाव, मरम्मत और अनुरक्षण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आधुनिक रेल सेवाओं के सुचारु संचालन के लिए बेहतर रखरखाव व्यवस्था और तकनीकी सुविधाओं का होना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरिज एंड वैगन) फणीन्द्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




