
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और टिकट चेकिंग स्टाफ ने ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर सघन जांच अभियान तेज कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई के माध्यम से रेल अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। गाड़ी संख्या 18573 विशाखापट्टनम-भगत की कोठी ट्रेन में लावारिस हालत में रखे लगभग 14 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत 7.17 लाख रुपये बताई गई है। आरपीएफ ने जब्त मादक पदार्थ राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिए।
इसी क्रम में ट्रेन संख्या 20495 जोधपुर-हड़पसर एक्सप्रेस में अवैध रूप से ले जाए जा रहे लगभग एक लाख रुपये मूल्य के मादक पेय पदार्थ भी पकड़े गए। इस मामले में संबंधित व्यक्ति और जब्त सामान को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी के सुपुर्द किया गया।
दूसरी ओर, ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ ने यात्रियों की मदद का सराहनीय कार्य किया। पिछले एक सप्ताह में उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में छूटे हुए 44 यात्रियों के सामान बरामद कर उन्हें सुरक्षित वापस लौटाए गए। इन सामानों की कुल अनुमानित कीमत लगभग नौ लाख रुपये है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन अभियानों का उद्देश्य रेल परिसर में अपराधों पर अंकुश लगाना, मादक पदार्थों की तस्करी रोकना और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना है। रेलवे सुरक्षा के साथ-साथ यात्रियों की सहायता एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।

