बीबीएयू के प्रो. एस. विक्टर बाबू दक्षिण भारतीय इतिहास कांग्रेस के 45वें अधिवेशन में होंगे जनरल प्रेसिडेंट

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू को दक्षिण भारतीय इतिहास कांग्रेस (South Indian History Congress) के 45वें वार्षिक अधिवेशन में जनरल प्रेसिडेंट की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। तीन दिवसीय यह अधिवेशन 13 से 15 नवंबर 2026 तक महात्मा गांधी विश्वविद्यालय, नलगोंडा, तेलंगाना में आयोजित होगा।

दक्षिण भारतीय इतिहास कांग्रेस की कार्यकारी समिति ने प्रो. एस. विक्टर बाबू को सर्वसम्मति से अधिवेशन का जनरल प्रेसिडेंट नामित किया है। उनका चयन इतिहास के क्षेत्र में विशिष्ट शैक्षणिक एवं शोध योगदान, संगठन के साथ लंबे समय से जुड़े रहने और ऐतिहासिक अध्ययन को समृद्ध बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के आधार पर किया गया है।

इस प्रतिष्ठित अधिवेशन में देशभर के इतिहासकार, शिक्षाविद्, शोधार्थी और विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में भारतीय इतिहास के विभिन्न पहलुओं, ऐतिहासिक शोध, नवीन अध्ययन पद्धतियों और इतिहास से जुड़े समकालीन शैक्षणिक विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।

अधिवेशन के दौरान जनरल प्रेसिडेंट के रूप में प्रो. एस. विक्टर बाबू का अध्यक्षीय संबोधन भी प्रमुख आकर्षण रहेगा। उनके संबोधन में ऐतिहासिक अध्ययन की प्रासंगिकता और शोध की नई संभावनाओं पर विचार रखे जाने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि प्रो. एस. विक्टर बाबू वर्तमान में बीबीएयू में डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें दक्षिण भारतीय इतिहास कांग्रेस के 45वें वार्षिक अधिवेशन में जनरल प्रेसिडेंट जैसी प्रतिष्ठित जिम्मेदारी मिलना विश्वविद्यालय के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय अकादमिक एवं शोध जगत में पहचान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button