
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम ‘प्रोबिटी फॉर प्रॉस्पेरिटी’ (समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा) रही। कार्यक्रम के माध्यम से ‘भ्रष्टाचार मुक्त भारत, समृद्ध भारत’ का संदेश देते हुए लोगों को ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
नुक्कड़ नाटक का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सत्यनिष्ठा और जवाबदेही की भावना को बढ़ावा देना था। रचनात्मक प्रस्तुति के जरिए भ्रष्टाचार के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने और नागरिकों को अपने सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन बीबीएयू के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की डॉ. मोनिका शर्मा एवं डॉ. नमिता जैसल के संयोजन में किया गया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को नैतिक आचरण अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया।
विश्वविद्यालय के अनुसार, प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 29 अक्टूबर 2026 को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।


