बीबीएयू में कोहा सॉफ्टवेयर पर पांच दिवसीय कार्यशाला शुरू, डिजिटल लाइब्रेरी प्रबंधन का मिलेगा प्रशिक्षण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग की ओर से सोमवार को ‘कोहा : एकीकृत पुस्तकालय प्रबंधन प्रणाली’ विषय पर पांच दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट, लखनऊ के कंसल्टेंट प्रोफेसर प्रो. पी.पी. रावत उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन तथा बाबासाहेब और डॉ. एस.आर. रंगनाथन के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलगीत का गायन हुआ। कार्यक्रम संयोजक डॉ. विनीत कुमार ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया, जबकि संकायाध्यक्ष प्रो. शिल्पी वर्मा ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की।

कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल तकनीक का युग है। शिक्षा, शोध और ज्ञान के क्षेत्र में तकनीकी दक्षता लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। पुस्तकालय किसी भी शैक्षणिक संस्थान का अहम हिस्सा हैं और आधुनिक तकनीक से उनकी कार्यप्रणाली को अधिक सरल, प्रभावी तथा व्यवस्थित बनाया जा सकता है। उन्होंने कोहा जैसे सॉफ्टवेयर को पुस्तकालय प्रबंधन के आधुनिकीकरण में उपयोगी बताते हुए आयोजकों को बधाई दी।

मुख्य अतिथि प्रो. पी.पी. रावत ने पुस्तकालय प्रबंधन सॉफ्टवेयर की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इनके माध्यम से पुस्तकों का डेटाबेस तैयार करने, वर्गीकरण, कैटलॉगिंग, निर्गमन और वापसी जैसे कार्य डिजिटल तरीके से किए जा सकते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को इन तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

संकायाध्यक्ष प्रो. शिल्पी वर्मा ने ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर की विशेषताओं और पुस्तकालय सेवाओं को बेहतर बनाने में उनकी भूमिका बताई। विभागाध्यक्ष प्रो. शरद कुमार सोनकर ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाती हैं।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं शॉल भेंट किए गए। डॉ. नीतेश कुमार वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रो. के.एल. महावर, डॉ. सोमीपेम आर. शिमरे सहित शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button