
अशोक यादव, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रिवर बैंक कॉलोनी स्थित आईएमए भवन में आयोजित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), लखनऊ शाखा के वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सक समाज के स्वास्थ्य, सुरक्षा और जीवन की रक्षा में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने चिकित्सकों से आधुनिक चिकित्सा ज्ञान, मानवीय संवेदना और सेवा भाव के समन्वय से प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में लखनऊ उत्तर के विधायक एवं आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नीरज बोरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

डॉ. मनोज अस्थाना और डॉ. श्वेता श्रीवास्तव की अगुवाई में लगभग 90 डॉक्टर हुए सम्मानित
समारोह में चिकित्सा सेवा, संगठनात्मक सहयोग और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए लगभग 90 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। आईएमए लखनऊ की मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने वार्षिक आख्या प्रस्तुत की, जिसका श्रेय उन्होंने आईएमए लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना एवं कार्यकारिणी के सामूहिक प्रयासों को दिया। संगठन ने सतत चिकित्सा शिक्षा (CME), ग्रामीण स्वास्थ्य शिविरों, सीपीआर प्रशिक्षण, खेलकूद प्रतियोगिताओं और आईएमए भवन में जिम्नेजियम की स्थापना जैसी गतिविधियों को प्रमुखता दी। विशिष्ट अतिथि डॉ. नीरज बोरा ने इन सदस्य कल्याण संबंधी गतिविधियों की पुरज़ोर सराहना की।
८ चिकित्सकों को मिले प्रतिष्ठित विशिष्ट मेडल और पुरस्कार
समारोह के दौरान आठ डॉक्टरों को विभिन्न विधिक श्रेणियों में विशिष्ट पुरस्कार प्रदान किए गए:-
- डॉ. अर्चिका गुप्ता: डॉ. मनोरमा अग्रवाल डायमंड जुबली सिल्वर मेडल
- डॉ. नीरज टंडन: श्री हुकुम चंद जैन मेमोरियल अवॉर्ड (कैंसर क्षेत्र)
- डॉ. राकेश श्रीवास्तव: प्रबोध कुमार मजूमदार मेमोरियल बेस्ट जनरल मेडिकल प्रैक्टिशनर अवॉर्ड
- डॉ. संजय श्रीवास्तव: डॉ. एच. एन. शिवपुरी अवॉर्ड
- डॉ. सीमा मेहरोत्रा: आउटस्टैंडिंग मेरिटोरियस सर्विस अवॉर्ड
- डॉ. शिप्रा नाथ: बेस्ट आईएमए मेंबर ऑफ द ईयर अवॉर्ड
- डॉ. सुधा सिंह: पैथोलॉजिस्ट ऑफ द ईयर अवॉर्ड
- डॉ. वंदना सोलंकी: बेस्ट रिसर्च वर्कर्स ऑफ द ईयर अवॉर्ड

औपचारिक सम्मान समारोह के उपरांत आयोजित डांडिया एवं गरबा उत्सव में चिकित्सकों और उनके परिवारजनों ने उमंग के साथ भाग लिया।


