अनमोल टीवी के शो ‘हमारी राधा’ ने पूरे किए 100 एपिसोड, सेट पर मना जश्न

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : अनमोल टीवी के पहले ओरिजिनल शो ‘हमारी राधा’ ने 100 एपिसोड पूरे कर एक खास उपलब्धि हासिल की है। इस अवसर पर शो के सेट पर पूरी टीम ने केक काटकर जश्न मनाया और अब तक के सफर की यादें साझा कीं। सिमरन कौर, अक्षय म्हात्रे और वैदेही नायर अभिनीत यह धारावाहिक रिश्तों की जटिलताओं, पारंपरिक मूल्यों और आधुनिक आकांक्षाओं के बीच संतुलन की कहानी पेश करता है।

शो की कहानी राधा के जीवन पर केंद्रित है, जिसकी दुनिया तब बदल जाती है, जब उसे अपने पति गिरधर के विवाहेतर संबंध के बारे में पता चलता है। रिश्ते में मिले धोखे और शादी में आए बदलावों का सामना करते हुए राधा धीरे-धीरे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना और अपनी ताकत पहचानना सीखती है।

राधा गिरधर मौर्य की भूमिका निभा रहीं सिमरन कौर ने कहा कि राधा का किरदार उनके अभिनय सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। इस भूमिका के जरिए उन्हें विभिन्न भावनाओं को समझने और पर्दे पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि राधा के आत्मविश्वास और आत्मपहचान की यात्रा के साथ उन्हें भी एक कलाकार के रूप में आगे बढ़ने का अनुभव हुआ है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए पूरी टीम का आभार जताया।

गिरधर का किरदार निभाने वाले अक्षय म्हात्रे ने बताया कि दर्शक उनके किरदार के फैसलों और राधा के प्रति उसके व्यवहार पर खुलकर प्रतिक्रिया देते हैं। उनके अनुसार, दर्शकों की प्रतिक्रियाएं इस बात को दर्शाती हैं कि वे कहानी और किरदारों से कितनी गहराई से जुड़ चुके हैं।

वहीं, शनाया श्रीवास्तव की भूमिका निभा रहीं वैदेही नायर ने कहा कि उन्हें अपने किरदार के विभिन्न पहलुओं को समझने और प्रस्तुत करने का मौका मिला है। उन्होंने सह-कलाकारों के साथ काम करने के अनुभव को भी खास बताया।

100 एपिसोड पूरे होने के साथ शो में राधा, गिरधर और शनाया के रिश्तों की कहानी आगे बढ़ रही है। ‘हमारी राधा’ का प्रसारण हर रात 9:30 बजे अनमोल टीवी पर किया जाता है।

Related Articles

Back to top button