बीबीएयू ने रजनी खंड और साउथ सिटी में चलाया ‘डोर-टू-डोर’ स्वच्छता अभियान; रेलवे ट्रैक के पास भी की सफाई

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया । विश्वविद्यालय के स्वच्छता प्रभारी डॉ. रवि शंकर वर्मा के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों, सफाई सेवकों और भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

मुहिम के तहत विश्वविद्यालय की टीमों ने परिसर के समीप स्थित रजनी खंड, साउथ सिटी और आसपास के रिहायशी इलाकों में ‘डोर-टू-डोर’ (घर-घर) जाकर लोगों से सीधा संपर्क किया। स्वच्छता प्रभारी डॉ. रवि शंकर वर्मा ने नागरिकों को जागरूक करते हुए कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालने और स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने की अपील की।

इसके साथ ही, जागरूक छात्रों और कर्मचारियों के दलों ने विश्वविद्यालय परिसर के समीप स्थित रेलवे लाइन और उसके आसपास के क्षेत्रों, स्थानीय बाजारों, दुकानों, सार्वजनिक रास्तों तथा अन्य व्यस्त स्थलों पर एक सघन सफाई अभियान चलाकर भारी मात्रा में कूड़े का सुरक्षित निस्तारण किया। विश्वविद्यालय की इस पहल ने स्थानीय दुकानदारों और आम जनता को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Back to top button