ओटीसी लखनऊ में मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स-260 की समापन परेड आयोजित

अशोक यादव, लखनऊ : ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज (ओटीसी), आर्मी मेडिकल कोर सेंटर एवं कॉलेज, लखनऊ में मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स (एमओबीसी)-260 के सफल समापन पर 14 नवंबर 2026 को भव्य समापन परेड आयोजित की गई। सात सप्ताह तक चले इस पाठ्यक्रम का शुभारंभ 28 सितंबर 2026 को हुआ था। इसका संचालन ओटीसी के कमांडेंट एवं मुख्य प्रशिक्षक मेजर जनरल अनुज चावला के मार्गदर्शन में किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य सशस्त्र बलों के युवा मेडिकल एवं डेंटल अधिकारियों को युद्धकालीन चिकित्सा सहायता के लिए दक्ष बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को एडवांस ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट (एटीएलएस) प्रोवाइडर कोर्स कराया गया। साथ ही आधुनिक युद्ध की चुनौतियों और नवीनतम तकनीकों से भी अवगत कराया गया, ताकि वे युद्धक्षेत्र और शांतिकाल में प्रभावी चिकित्सा सेवाएं दे सकें।

इस पाठ्यक्रम में कुल 127 अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें भारतीय सैन्य त्रिसेवा के 27 महिला अधिकारी और मित्र विदेशी देशों के तीन अधिकारी शामिल रहे।

समापन परेड की समीक्षा आर्मी मेडिकल कोर सेंटर एवं कॉलेज के कमांडेंट तथा प्रभारी रिकॉर्ड्स लेफ्टिनेंट जनरल जे. देबनाथ ने की। उन्होंने अधिकारियों के अनुशासन, उत्कृष्ट प्रदर्शन और परेड के कुशल संचालन की सराहना की।

कैप्टन देव दिलीप नायर को फील्ड इवेंट्स में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए चुना गया। साथ ही उन्हें सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंड अधिकारी घोषित करते हुए प्रतिष्ठित ‘कमांडेंट्स रोलिंग ट्रॉफी’ प्रदान की गई।

समीक्षा अधिकारी ने युवा अधिकारियों को व्यावसायिक दक्षता बनाए रखने, सैन्य परंपराओं का सम्मान करने और अपने ज्ञान को निरंतर अद्यतन करने की सलाह दी। उन्होंने सैनिकों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

समारोह में 200 से अधिक अभिभावकों एवं परिजनों के साथ बड़ी संख्या में सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button