बीबीएयू में कैप्टन राजश्री को मेजर पद पर पदोन्नति, रैंक पिपिंग सेरेमनी आयोजित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में कैप्टन राजश्री के मेजर पद पर पदोन्नत होने के उपलक्ष्य में भव्य रैंक पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। समारोह में 20 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विशाल मेंदीरत्ता मुख्य अतिथि तथा डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

समारोह के दौरान कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल, कर्नल विशाल मेंदीरत्ता एवं डॉ. रवि प्रकाश पांडेय ने कैप्टन राजश्री को मेजर पद के रैंक बैज पहनाकर सम्मानित किया। उनकी यह पदोन्नति अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का परिचायक है।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. मित्तल ने मेजर राजश्री को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि दृढ़ इच्छाशक्ति, समर्पण और उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों एवं एनसीसी में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनकी सफलता विश्वविद्यालय की छात्राओं और युवाओं को उच्च लक्ष्य निर्धारित करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेगी।

कुलपति ने एनसीसी को युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने वाला महत्वपूर्ण संगठन बताया।

समारोह में प्रो. आर.ए. खान, प्रो. नवीन अरोड़ा, प्रो. शिल्पी वर्मा, लेफ्टिनेंट मनोज कुमार धडवाल, डॉ. अलका, डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. सिद्धार्थ शंकर राय, डॉ. सुदर्शन चक्रधारी, सूबेदार मेजर ओम प्रकाश और सुखविंदर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मेजर राजश्री के परिवारजनों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रेनू पांडेय ने किया। अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button