
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / गोण्डा: पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला संघ गोण्डा की प्रथम जिला रैली का शुभारंभ 29 अक्टूबर 2026 को जिला प्रशिक्षण केंद्र गोण्डा में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रेलवे चिकित्सालय गोण्डा के वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.के. मोरे तथा विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/टीआरएस एवं मुख्य जिला आयुक्त आशीष कुमार मद्धेशिया उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. मोरे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर राज्य मुख्यालय संगठन से आए रंजीत शर्मा, अरविंद चंद और अनिल सेठ सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। रैली में पूर्वोत्तर रेलवे के विभिन्न जिला संघों गोरखपुर, लखनऊ, इज्जतनगर तथा डीएलडब्ल्यू/वाराणसी से आए कुल 155 स्काउट एवं गाइड कैडेट्स ने प्रतिभाग किया।
उद्घाटन समारोह के बाद जिला संघ गोण्डा के स्काउट एवं गाइड कैडेट्स ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद कैडेट्स ने आकर्षक एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। उनकी प्रतिभा, अनुशासन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की उपस्थित अधिकारियों एवं सदस्यों ने सराहना की।

इस अवसर पर सहायक मंडल इंजीनियर/विशेष/गोण्डा एवं जिला आयुक्त/स्काउट बी.एस. धर्मसक्तू, सीडीओ/गोण्डा एवं जिला संघ के उपाध्यक्ष मनोज धर दूबे, जिला सचिव प्रकाश ठाकुर, डीओसी/स्काउट देवेंद्र कुमार तथा डीओसी/गाइड स्वाती सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
रैली के आयोजन का उद्देश्य स्काउट्स एवं गाइड्स में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और संगठनात्मक कौशल को प्रोत्साहित करना है। विभिन्न जिला संघों के कैडेट्स की सहभागिता से आयोजन में सामूहिकता और एकजुटता का संदेश देखने को मिला।