
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में कला संकाय के कनिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी विजय सिंह की अधिवार्षिकी सेवा पूर्ण होने पर रजत जयंती भवन में भावपूर्ण सेवानिवृत्ति विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने की। उन्होंने अपने संबोधन में विजय सिंह के व्यक्तित्व, कार्यकुशलता, अनुशासन और विश्वविद्यालय के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिंह ने अपनी सेवाकाल के दौरान संस्था के विकास एवं कुशल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका कार्य एवं व्यवहार अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक रहेगा।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारी विजय सिंह को शाल, श्रीफल, प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। उपस्थित शिक्षक एवं कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए और उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में विज्ञान एवं पर्यावरण संकाय के प्राध्यापक डॉ. घनश्याम गुप्ता को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। 65 वर्षीय डॉ. गुप्ता ने सतना मैराथन दौड़ में द्वितीय स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने उनकी खेल उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी अनुशासित दिनचर्या, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर डॉ. गुप्ता को भी सम्मान भेंटकर शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पांडेय ने किया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
