बीबीएयू में कैंसर मुक्त भारत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विशेषज्ञों ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के बताए उपाय

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) एवं स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में प्रोजेक्ट आनंदी के अंतर्गत कैंसर मुक्त भारत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अपोलो हॉस्पिटल के आंकोलॉजिस्ट डॉ. अनिमेष अग्रवाल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं बाबासाहेब के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद विश्वविद्यालय कुलगीत का गायन हुआ। कार्यक्रम संयोजक एवं डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

कुलपति प्रो. मित्तल ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है। इसकी रोकथाम के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन, नियमित स्क्रीनिंग और समय पर चिकित्सकीय परामर्श बेहद जरूरी हैं। उन्होंने पैप स्मीयर एवं एचपीवी टेस्ट के महत्व को बताते हुए सामाजिक झिझक और जागरूकता की कमी दूर करने पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि डॉ. अनिमेष अग्रवाल ने गार्डासिल एवं सर्वावैक जैसी एचपीवी वैक्सीन की उपयोगिता समझाई। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था में टीकाकरण अधिक प्रभावी होता है। साथ ही स्पष्ट किया कि वैक्सीनेशन नियमित स्क्रीनिंग का विकल्प नहीं है।

डॉ. ज्योत्सना मेहता ने सर्वाइकल कैंसर के लक्षणों, जांच और उपचार के विकल्पों की जानकारी देते हुए कहा कि समय पर पहचान और उचित उपचार से इस बीमारी को ठीक किया जा सकता है।

प्रोजेक्ट आनंदी की संस्थापक डॉ. सुमेधा नीलू द्विवेदी ने महिलाओं एवं किशोरियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और मासिक धर्म संबंधी जागरूकता के प्रति प्रोत्साहित करने की बात कही। डॉ. सुधा बाजपेयी ने स्वास्थ्य जागरूकता को व्यवहार में अपनाने और भ्रांतियां दूर करने पर बल दिया।

अंत में अतिथियों को पौधे एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रो. धीरेन्द्र पाण्डेय ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button