
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68500 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण से प्रभावित अभ्यर्थियों का आंदोलन राजधानी के ईको गार्डन में शुक्रवार को 60वें दिन भी जारी रहा। वहीं, अभ्यर्थियों की भूख हड़ताल पांचवें दिन में पहुंच गई है। 26 अक्टूबर से जारी भूख हड़ताल के दौरान तबीयत बिगड़ने पर आंदोलनकारी दीपक पटेल (चित्रकूट) और नसीम फरीदी (बरेली) को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
आंदोलनरत अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से न्याय की गुहार लगाई है। उनकी मांग है कि दीपावली से पहले नियुक्ति प्रक्रिया का शेड्यूल जारी किया जाए, ताकि लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिल सके।
आंदोलन के नेतृत्वकर्ता तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने गृह मंत्री से आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ओबीसी, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित वर्ग के अभ्यर्थी लंबे समय से अपने अधिकारों और नियुक्ति के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने बताया कि आंदोलन के चलते अभ्यर्थियों के नवरात्र, दशहरा और करवा चौथ जैसे त्योहार धरनास्थल पर ही बीत गए। अब उनकी इच्छा है कि दीपावली परिवार के साथ मना सकें। उन्होंने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
अभ्यर्थियों का कहना है कि नियुक्ति कार्यक्रम जारी होने से वर्षों से चला आ रहा संघर्ष समाप्त हो सकेगा। शुक्रवार को धरने में रंजना जायसवाल, गायत्री जायसवाल, सुमन यादव, रिशिता पाल, रंजना चौरसिया, नेहा यादव, मनीष पटवा, अरविंद कुमार, उत्कर्ष सिंह, ललित कुमार जायसवाल, संजीव वर्मा और घनश्याम यादव सहित सैकड़ों अभ्यर्थी मौजूद रहे।
