
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : एनसीसी ग्रुप लखनऊ के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव, विशिष्ट सेवा मेडल (वीएसएम), ने मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को 19 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-222 का दौरा किया। एएमसी सेंटर एवं कॉलेज, लखनऊ में आयोजित शिविर में उन्होंने करीब 500 एनसीसी कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और देशभक्ति के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण गतिविधियों का लिया जायजा
दौरे की शुरुआत 11 गोरखा राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर स्थित फायरिंग रेंज के निरीक्षण से हुई, जहां उन्होंने कैडेट्स की फायरिंग प्रतियोगिता देखी। शिविर पहुंचने पर कमांडर कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक और सूबेदार मेजर किशोर लाल ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कैडेट्स के गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया।
ब्रिगेडियर श्रीवास्तव ने स्क्वाड ड्रिल प्रतियोगिता, सेक्शन फॉर्मेशन अभ्यास और फायर एंड मूव टैक्टिक्स का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण कक्षाओं, मेडिकल इंस्पेक्शन रूम और कैडेट्स के आवासीय क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैडेट्स के उत्साह, अनुशासन और समर्पण की सराहना की।
विजेता कैडेट्स को किया सम्मानित
शिविर में आयोजित पोस्टर निर्माण, फेस पेंटिंग, भाषण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले कैडेट्स से उन्होंने संवाद किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया।
राष्ट्रसेवा के लिए किया प्रेरित
कैडेट्स को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर श्रीवास्तव ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी प्रशिक्षण गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। दोपहर के भोजन के दौरान भी उन्होंने कैडेट्स के साथ संवाद किया।
शिविर का उद्देश्य कैडेट्स की शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और नेतृत्व कौशल को मजबूत करना तथा उन्हें जिम्मेदार, अनुशासित और देशभक्त नागरिक बनाना है। ग्रुप कमांडर का दौरा कैडेट्स के लिए प्रेरणादायक रहा।

