ग्रामोदय विश्वविद्यालय में मासिक प्रार्थना सभा आयोजित, विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के विवेकानन्द सभागार में संगीत अनुभाग के संयोजन में मासिक प्रार्थना सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन प्रिंस प्रजापति ने किया। सभा का शुभारंभ तीन बार ॐ उच्चारण, सरस्वती वंदना एवं विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ हुआ।

कार्यक्रम में विज्ञान एवं पर्यावरण संकाय के प्रतिभागियों ने प्रार्थना प्रस्तुत की। भूमि शुक्ला ने भगवद्गीता के श्लोकों का भावार्थ सहित वाचन किया। बायोटेक की भूमिका सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। बीसीए की यशी श्रीवास्तव ने भजन प्रस्तुत किया। वहीं सूयांशी सिंह परिहार ने पर्यावरण संरक्षण पर विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

उपकुलसचिव अकादमी प्रो. साधना चौरसिया ने मासिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जया सिंह ने मोबाइल टच स्क्रीन विषय पर जानकारी दी। इसके बाद प्रतिभागियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सामूहिक लोकगीत प्रस्तुत किया।

नानाजी पीठ एवं नानाजी विचार मंच के निदेशक प्रो. भरत मिश्रा ने विद्यार्थियों को गांधीजी के आदर्शों, ग्रामोदय की भावना तथा समाजहित में शिक्षा का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। विज्ञान एवं पर्यावरण संकाय के प्रो. घनश्याम गुप्ता ने सतना मैराथन में द्वितीय स्थान प्राप्त करने का अनुभव साझा किया। उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और अनुशासित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से रघुपति राघव भजन के गायन के साथ हुआ। इसमें सुभाषिनी, रोली देवी, भूमि, भूमिका सिंह, इन्द्रपाल, आदित्य, विराट, हर्ष एवं सिद्धी मिश्रा सहित अन्य प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पांडेय ने बताया कि प्रार्थना सभा का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, पर्यावरण चेतना, राष्ट्रीय भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।

Related Articles

Back to top button