टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता से चलती ट्रेन में मोबाइल चोर गिरफ्तार

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में तैनात टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता और तत्परता से चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी के एक संदिग्ध आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। रेलकर्मियों ने आरोपी को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के हवाले कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को ट्रेन संख्या 14611 (लखनऊ-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा एक्सप्रेस) में टिकट चेकिंग स्टाफ रविंद्र कुमार कोच संख्या एस-3 से एस-7 तक टिकटों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक व्यक्ति नशे की हालत में संदिग्ध रूप से घूमता दिखाई दिया।

संदेह होने पर रविंद्र कुमार ने व्यक्ति से यात्रा टिकट मांगा और उसके हाथ में मौजूद मोबाइल फोन के बारे में जानकारी ली। पूछताछ के दौरान वह घबराने लगा। मोबाइल की लॉक स्क्रीन पर किसी अन्य व्यक्ति की तस्वीर लगी हुई थी। कई बार प्रयास करने के बावजूद वह मोबाइल का पासवर्ड नहीं खोल सका। इससे टिकट चेकिंग स्टाफ का संदेह और गहरा गया।

खुद को पकड़े जाने की आशंका होने पर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन रविंद्र कुमार ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और सहायता के लिए आवाज लगाई। शोर सुनकर नजदीकी कोच में ड्यूटी कर रहे अन्य टिकट चेकिंग कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने सहयात्रियों की मदद से आरोपी को काबू में कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने उक्त मोबाइल फोन पिछले स्टेशन से चोरी किया था। इसके बाद ट्रेन के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी और आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया गया।

रेलवे कर्मचारियों की इस सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से चलती ट्रेन में चोरी की घटना का खुलासा हुआ। उनकी मुस्तैदी से यात्रियों की सुरक्षा के प्रति रेलकर्मियों की जिम्मेदारी और सजगता भी सामने आई।

Related Articles

Back to top button