
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / मऊ : नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर अमिला मोड़, मऊ में आयोजित कार्यक्रम में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने नगर पंचायत अमिला, दोहरीघाट और जिला नगरीय विकास अभिकरण की लगभग 48 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 10 लाभार्थियों को आवास निर्माण की द्वितीय किस्त वितरित की गई। साथ ही भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। अंत में मंत्री ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की अधूरी समस्याएं और जनता की मांगें उन्हें हमेशा याद रहती हैं। थानीदास रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण की मांग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यहां बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए अंडरपास जरूरी है। इसके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। बहादुरपुर सहित कई गांवों में सड़क और रेलवे की जमीन से जुड़ी लंबित समस्याओं के निस्तारण की दिशा में भी काम किया गया है।
सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वह देश की एकता और अखंडता के महान शिल्पकार थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण कराकर उन्हें वैश्विक पहचान दिलाई। इस परियोजना में सहयोग करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण में भी सरदार पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया।
मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रहित, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। नई पीढ़ी तक उनके विचारों और योगदान को पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास एवं जनकल्याण के कार्य तेजी से हो रहे हैं। सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने मऊ को विकास का मॉडल बनाने के संकल्प को दोहराया।