रेलवन ऐप से अनारक्षित टिकट बुकिंग पर 3 प्रतिशत की छूट 31 मार्च 2027 तक बढ़ी

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने और ऑनलाइन टिकट बुकिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट बुकिंग में दी जा रही 3 प्रतिशत की छूट की अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ा दी गई है। इससे डिजिटल भुगतान के माध्यम से टिकट बुक करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त लाभ मिलेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि रेलवन ऐप की शुरुआत पिछले वर्ष जुलाई में की गई थी। इस ऐप को रेल यात्रियों के लिए वन स्टॉप सॉल्यूशन के रूप में विकसित किया गया है। स्मार्टफोन रखने वाला कोई भी यात्री इस ऐप का आसानी से उपयोग कर रेलवे की विभिन्न डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकता है।

उन्होंने बताया कि रेलवन ऐप के माध्यम से आर-वॉलेट को छोड़कर अन्य सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों से अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। रेलवे प्रशासन ने इस सुविधा को 31 मार्च 2027 तक जारी रखने का निर्णय लिया है। वहीं, आर-वॉलेट के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक देने की मौजूदा व्यवस्था 24 अगस्त 2028 तक जारी रहेगी।

रेलवे प्रशासन द्वारा रेलवन ऐप के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, जागरूकता अभियानों तथा रेलवे कर्मचारियों के माध्यम से यात्रियों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।

रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को सुविधाजनक, तेज और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। प्रशासन ने यात्रियों से अधिक से अधिक रेलवन ऐप का उपयोग करने की अपील की है, ताकि डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती मिल सके।

Related Articles

Back to top button