भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर ग्राम बांका में होगा भव्य आयोजन, जनजातीय गौरव पखवाड़े में वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट-मझगवां : भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत सतना जिले के मझगवां जनपद के जनजातीय बाहुल्य ग्राम बांका में 15 नवंबर को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन बिरसा मुंडा शोध समिति ग्राम बांका के सहयोग से होगा। इसमें मध्य प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह तथा मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल प्रमुख रूप से शामिल होंगे।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में शुक्रवार को ग्राम बांका में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह कछवाह और ग्राम सरपंच बैजनाथ प्रजापति ने किया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला तिघरा और अठवरही के बीच हुआ, जिसमें अठवरही की टीम ने 2-0 से जीत दर्ज की। अन्य मुकाबलों में चितहरा और हिरौंदी तथा सोनवर्षा और भरगवां की टीमें आमने-सामने रहीं। इनमें हिरौंदी और भरगवां की टीम विजेता बनीं।

दीनदयाल शोध संस्थान के कार्यकर्ताओं द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन दर्शन, संघर्ष और योगदान पर बौद्धिक कार्यक्रम, बैठकें तथा जनसंवाद आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजन को भव्य और गरिमापूर्ण बनाने के लिए ग्रामीणों से लगातार संपर्क किया जा रहा है।

इसके तहत घर-घर जाकर कैलेंडर और भगवान बिरसा मुंडा के जीवन चरित्र पर आधारित पुस्तिकाओं का वितरण किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है।

15 नवंबर को जयंती के अवसर पर ग्राम बांका में श्रीरामचरितमानस पाठ, हवन-पूजन और विशाल भंडारा प्रसादी का आयोजन होगा। आयोजकों ने क्षेत्रीय ग्रामवासियों और आमजन से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button