
अशोक यादव, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग: एशिया 2027 में उल्लेखनीय सुधार दर्ज कर अपनी अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक पहचान को और मजबूत किया है। क्वाक्वेरेली साइमंड्स (QS) की ओर से जारी रैंकिंग में विश्वविद्यालय को 721-730 बैंड में स्थान मिला है, जबकि पिछले वर्ष यह 801-850 बैंड में शामिल था। वहीं, दक्षिण एशिया क्षेत्रीय रैंकिंग में भी विश्वविद्यालय ने 37 पायदान की छलांग लगाई है। देश के 325 संस्थानों में बीबीएयू को 110वां स्थान प्राप्त हुआ है।
इस वर्ष क्यूएस एशिया रैंकिंग में 26 देशों एवं क्षेत्रों के कुल 1,722 उच्च शिक्षण संस्थानों का मूल्यांकन किया गया, जिनमें भारत के 325 संस्थान शामिल थे। विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि में शोध संबंधी संकेतकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पीएचडी धारक शिक्षकों के मानक पर बीबीएयू ने 100 में से 100 अंक हासिल करते हुए एशिया में 48वां स्थान प्राप्त किया। वहीं, प्रति संकाय शोध पत्र के संकेतक में 85.9 अंक के साथ 149वां स्थान मिला। प्रति शोध पत्र उद्धरण में 64.7 और अंतरराष्ट्रीय शोध नेटवर्क में 39.9 अंक प्राप्त हुए।

कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य अकादमिक एवं नियोक्ता प्रतिष्ठा को मजबूत करने के साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग, शोध और नवाचार के नए अवसर विकसित करना है।
आईक्यूएसी निदेशक प्रो. शिल्पी वर्मा ने भी इस उपलब्धि को सभी विभागों और विश्वविद्यालय परिवार के साझा प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने रैंकिंग सुधार के लिए कुलपति के मार्गदर्शन और सभी के सहयोग के प्रति आभार जताया।
गौरतलब है कि क्यूएस रैंकिंग के विभिन्न मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए विश्वविद्यालय में विशेष समिति गठित की गई थी। समिति के सुझावों और निर्धारित मानकों के अनुरूप किए गए प्रयासों से विश्वविद्यालय को यह उपलब्धि हासिल हुई है।