
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती में आरक्षण विसंगति को दूर कर न्याय दिलाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का अनवरत धरना-प्रदर्शन दीपावली के बाद भी जारी है। आंदोलन के 71वें दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने लखनऊ के ईको गार्डन में एकत्रित होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की और अपनी मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, नई दिल्ली, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश तथा विधान परिषद की सामाजिक न्याय एवं सद्भाव समिति द्वारा जारी आदेशों और संस्तुतियों का तत्काल अनुपालन कराया जाए। उनका कहना है कि ओबीसी वर्ग को आरक्षित श्रेणी में मानते हुए 150 पूर्णांक में से 60 अंक (40 प्रतिशत) के आधार पर भर्ती का परिणाम संशोधित किया जाए और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जाए। साथ ही आरक्षण विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने कहा कि पिछले 71 दिनों से अभ्यर्थी लगातार धरना देने को मजबूर हैं। नवरात्रि, दशहरा, करवाचौथ और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार भी उन्हें अपने परिवार से दूर धरना स्थल पर बिताने पड़े। उन्होंने कहा कि आठ वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों की पीड़ा पर सरकार और बेसिक शिक्षा विभाग को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
अभ्यर्थियों ने प्रदेश सरकार और बेसिक शिक्षा मंत्री से आयोगों के आदेशों का तत्काल पालन कर भर्ती परिणाम संशोधित करने तथा पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरने में नवीन चौधरी, दीपक पटेल, उत्कर्ष पटेल, रंजना जायसवाल, अरविंद, मनोज, अनस और अविनाश मौर्य सहित सैकड़ों अभ्यर्थी मौजूद रहे।