
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : छठ पर्व के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्यापक प्रबंध किए हैं। यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। साथ ही स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ की लगातार निगरानी की जा रही है।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि आज 10 नवंबर 2026 को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों से कुल 27 विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं। इनमें आनंद विहार टर्मिनल से 9, नई दिल्ली से 6, शकूरबस्ती से 5, दिल्ली जंक्शन से 3, हजरत निजामुद्दीन से 3 और रोहतक से 1 विशेष रेलगाड़ी शामिल है।
उन्होंने बताया कि सोमवार, 9 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों से पहले से निर्धारित 23 विशेष रेलगाड़ियों के अतिरिक्त यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अल्प सूचना पर 6 अनारक्षित विशेष रेलगाड़ियां (TOD) भी चलाई गईं। इस प्रकार कुल 29 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया गया।
रेलवे के अनुसार, आगामी 11 नवंबर 2026 को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से कुल 31 विशेष रेलगाड़ियों के संचालन की योजना बनाई गई है। इसके अलावा आज भी यात्रियों की भीड़ की स्थिति पर नजर रखते हुए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा सकता है।
यात्रियों की भीड़ की निगरानी के लिए मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधक तथा रेलवे मुख्यालय और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख स्टेशनों पर लगातार स्थिति का जायजा ले रहे हैं। उत्तर रेलवे का उद्देश्य छठ पर्व पर विशेषकर पूर्वी भारत जाने वाले यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।
