
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ छपरा जंक्शन रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और रेल परिचालन की तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफार्मों, यात्री आश्रय केंद्र, टिकट काउंटर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पैदल उपरिगामी पुल, स्वचालित सीढ़ियों, लिफ्ट, प्रतीक्षालय, वाटर बूथ, फूड स्टॉल और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने संभावित भीड़ को देखते हुए प्लेटफार्मों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने, प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित करने तथा टिकट काउंटरों पर व्यवस्थित कतारें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान और अन्य जरूरी सूचनाओं का नियमित प्रसारण करने तथा स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और शिफ्टवार साफ-सफाई कराने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद डीआरएम ने यात्री आश्रय केंद्र में हेल्प डेस्क, प्राथमिक चिकित्सा बूथ और मिनी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।

इससे पहले उन्होंने स्टेशन के सेकेंड एंट्री परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन प्रतीक्षालय को शीघ्र यात्रियों के उपयोग के लिए चालू करने को कहा।
डीआरएम ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करें।

निरीक्षण में मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, स्टेशन निदेशक राजेश प्रसाद तथा विभिन्न विभागों के पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
