
अशोक यादव, लखनऊ : जय नारायण मिश्र (केकेसी) स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लखनऊ को लंबे समय के बाद नियमित एवं स्थायी प्राचार्य मिल गया है। गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को प्रोफेसर अखिलेश कुमार पांडेय ने महाविद्यालय के प्राचार्य पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर कार्यवाहक प्राचार्य प्रोफेसर के.के. शुक्ला ने उन्हें विधिवत कार्यभार हस्तांतरित किया।
नवागत प्राचार्य प्रो. अखिलेश कुमार पांडेय इससे पूर्व प्रतापगढ़ जनपद के पट्टी स्थित पट्टी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पिछले पांच वर्षों से प्राचार्य के पद पर कार्यरत थे। स्थानांतरण के उपरांत उन्होंने केकेसी महाविद्यालय में अपना नया दायित्व संभाला है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रो. पांडेय ने कहा कि उनका संकल्प शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के साथ मिलकर एक सशक्त शैक्षिक परिवार के रूप में महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं संस्थागत गरिमा को और अधिक प्रतिष्ठित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने का केंद्र न रहकर ज्ञान, संस्कार, नवाचार और व्यक्तित्व निर्माण का उत्कृष्ट संस्थान बने, इसके लिए सामूहिक सहभागिता और सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।
प्रो. पांडेय ने विश्वास व्यक्त किया कि आपसी संवाद, सहयोग और समर्पण के माध्यम से महाविद्यालय को शैक्षणिक उत्कृष्टता के नए शिखर तक पहुंचाया जा सकता है। लंबे समय बाद नियमित प्राचार्य की नियुक्ति से महाविद्यालय में नई उम्मीदों और शैक्षणिक विकास की संभावनाएं बढ़ी हैं।

