नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रवेश और निकास द्वार निर्धारित, भीड़ प्रबंधन के लिए उत्तर रेलवे की नई व्यवस्था

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रवेश एवं निकास द्वारों को स्थायी रूप से निर्धारित कर दिया है। त्योहारों के व्यस्त सीजन और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लागू की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर भीड़ को नियंत्रित करना तथा यात्रियों को अनावश्यक परेशानी से बचाना है।

नई व्यवस्था के तहत स्टेशन पर वन-वे मूवमेंट लागू किया गया है। यानी प्रवेश द्वार से केवल स्टेशन के अंदर आया जा सकेगा, जबकि निकास द्वार का इस्तेमाल बाहर जाने के लिए होगा। इसके अलावा आरक्षित और अनारक्षित श्रेणी के यात्रियों के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए गए हैं।

निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, नीले रंग से चिह्नित गेट नंबर 8 और 11 का उपयोग आरक्षित श्रेणी (स्लीपर एवं एसी) के यात्री प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 15 के लिए करेंगे। वहीं, पीले रंग से चिह्नित गेट नंबर 12 अनारक्षित श्रेणी के यात्रियों के लिए निर्धारित किया गया है, जो प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 16 तक यात्रा करेंगे।

टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए रेलवे कर्मचारी हैंड हेल्ड डिवाइस के माध्यम से यात्रियों को मौके पर ही अनारक्षित टिकट उपलब्ध करा रहे हैं। साथ ही अनावश्यक भीड़ रोकने के लिए प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि यात्रियों को सही रास्ते की जानकारी देने के लिए स्टेशन परिसर, फुट ओवरब्रिज और प्रवेश-निकास स्थलों पर स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर, रैंप तथा विशेष सुलभ मार्ग की सुविधा भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button