
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के वाल्मीकि सभागार में रेड क्रॉस सोसायटी की विश्वविद्यालय शाखा के तत्वावधान में ‘रेड क्रॉस सोसायटी का सामाजिक महत्व’ विषय पर व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों में मानव सेवा, स्वास्थ्य सेवा और समाज सेवा के प्रति संवेदनशीलता तथा स्वैच्छिक सेवाभाव विकसित करना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने कहा कि रेड क्रॉस सोसायटी का गठन अंतरराष्ट्रीय समुदाय को एक मानकर मानवता की सेवा के उद्देश्य से किया गया है। समाज में संवेदना और सेवा को प्राथमिकता देना इसकी कार्यपद्धति का आधार है। उन्होंने रेड क्रॉस की मानवीय सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं और आपदा राहत से जुड़ी गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि एवं मध्य प्रदेश रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. श्याम सिंह कुम्हरे ने उदाहरणों के माध्यम से संस्था की सामाजिक उपयोगिता समझाई। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रवादी सेवक बनकर देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा, स्वास्थ्य सेवा और समाज सेवा ही सच्चे नागरिक की पहचान है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आंजनेय पांडेय ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव ने किया, जबकि संचालन डॉ. एस.के. अरसिया ने किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व कुलगुरु प्रो. भरत मिश्रा, ग्रामीण विकास एवं प्रबंधन संकाय के अधिष्ठाता प्रो. देवेंद्र प्रसाद पांडेय, दूरवर्ती शिक्षा निदेशक डॉ. उमेश कुमार शुक्ला तथा खंड प्रचारक रविराज सिंह उपस्थित रहे।

इस दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।