
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : दीपावली एवं छठ पूजा के त्योहारी सीजन में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुचारू रेल परिचालन के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के साथ ट्रेनों का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करना है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जम्मू तवी सहित मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्यों की तैनाती की गई है। यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए प्रवेश एवं निकास द्वारों, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, प्रतीक्षालय और सर्कुलेटिंग एरिया में सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।
टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए अतिरिक्त खिड़कियां खोली गई हैं। वहीं एटीवीएम मशीनों पर फैसिलिटेटर तैनात किए गए हैं। यात्रियों को यूटीएस मोबाइल टिकटिंग और रेल वन ऐप के माध्यम से डिजिटल टिकट लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

त्योहारी सीजन में निर्बाध रेल परिचालन के लिए प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे वार रूम और आपातकालीन कंट्रोल रूम सक्रिय किए गए हैं। इनमें वाणिज्य, परिचालन, सुरक्षा, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं टेलीकॉम, इलेक्ट्रिकल और मेडिकल विभागों के अधिकारी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।
इसके अलावा स्टेशनों पर एस्केलेटर और लिफ्टों का सुचारू संचालन, नियमित उद्घोषणाएं, डॉक्टरों, प्राथमिक उपचार किट और व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है।
जम्मू मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान पटाखे अथवा ज्वलनशील पदार्थ साथ न रखें। रेलवे ने इसे कानूनन अपराध और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है। किसी भी सहायता के लिए यात्री हेल्पलाइन नंबर 139, एनटीईएस ऐप और आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं।
