आरपीएसएफ की छठी वाहिनी ने मनाया स्थापना दिवस, योग, स्वच्छता अभियान और खेल प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : रेलवे सुरक्षा विशेष बल (आरपीएसएफ) की छठी वाहिनी, दयालबस्ती, दिल्ली में स्थापना दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दिनभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें योग सत्र, स्वच्छता अभियान, सामुदायिक जागरूकता और खेल प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं।

समारोह की शुरुआत सुबह योग सत्र से हुई। इसका उद्देश्य जवानों में शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था। इस दौरान सुरक्षा ड्यूटी के प्रभावी निर्वहन में शारीरिक सहनशक्ति और मानसिक सतर्कता के महत्व पर जोर दिया गया।

इसके बाद ‘स्वच्छ भारत, हरित भारत’ अभियान के तहत वरिष्ठ समादेष्टा अनुभव जैन के नेतृत्व में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें बड़ी संख्या में आरपीएसएफ अधिकारियों और जवानों ने श्रमदान किया। अभियान के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्य वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जवानों ने रेलवे ट्रैक के आसपास और रेलवे स्टेशनों के निकट रहने वाले स्थानीय निवासियों से संवाद किया। उन्हें रेलवे की सुरक्षा और संरक्षा में सहयोग देने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर देने की अपील की गई।

शाम को जवानों के बीच टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए वॉलीबॉल मैच और शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का समापन पारंपरिक सामूहिक भोज ‘बड़ा खाना’ के साथ हुआ। इसमें अधिकारियों और जवानों ने आपसी मेलजोल के साथ समय बिताया। इस आयोजन ने वाहिनी में भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत किया।

स्थापना दिवस के कार्यक्रमों के माध्यम से अनुशासन, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति आरपीएसएफ की प्रतिबद्धता प्रदर्शित हुई। साथ ही देश के रेल नेटवर्क की सुरक्षा के लिए जवानों ने अपने समर्पण को दोहराया।

Related Articles

Back to top button