
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : सोनी सब अपने नए फैमिली एंटरटेनर शो ‘लो चुड़ैल चली ससुराल’ के जरिए दर्शकों को जादू, रोमांस और हास्य से भरपूर मनोरंजन देने के लिए तैयार है। ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट इंडिया लिमिटेड द्वारा निर्मित इस शो का प्रीमियर 18 नवंबर को रात 8 बजे होगा। इसमें हिबा नवाब, अधिक मेहता और राखी विजान प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
शो में हिबा नवाब उर्वशी नाम की एक नेकदिल और प्यारी चुड़ैल का किरदार निभा रही हैं, जिसे इंसान आरव पटेल (अधिक मेहता) से प्यार हो जाता है। आरव एक सफल कारोबारी और रोमांटिक स्वभाव का व्यक्ति है, जो ईमानदारी, भरोसे और रिश्तों को महत्व देता है। प्यार के लिए उर्वशी अपनी जादुई दुनिया छोड़कर इंसानी परिवार का हिस्सा बनने का फैसला करती है, लेकिन यहां की परिस्थितियों में ढलना उसके लिए आसान नहीं होता।
कहानी में दिलचस्प मोड़ तब आता है, जब आरव को अपनी पत्नी की जादुई पहचान का पता चलता है। रोजमर्रा की समस्याओं को सुलझाने के लिए उर्वशी द्वारा जादू का इस्तेमाल कई मजेदार परिस्थितियां पैदा करता है। वहीं, राखी विजान उर्वशी की मां कामिनी की भूमिका में नजर आएंगी, जो शक्तिशाली चुड़ैलों में से एक हैं।

सोनी सब के चीफ कंटेंट ऑफिसर अजय भालवंकर के अनुसार, शो का उद्देश्य परिवारों को एक साथ बैठकर हंसने और मनोरंजन का आनंद लेने का अवसर देना है। इसमें फैंटेसी और कॉमेडी का नया संगम देखने को मिलेगा।
हिबा नवाब ने कहा कि उर्वशी का किरदार उनके लिए बेहद मजेदार और चुनौतीपूर्ण है। यह उन्हें चुलबुलापन दिखाने और अभिनय में नए प्रयोग करने का अवसर देता है।
‘लो चुड़ैल चली ससुराल’ सोमवार से शनिवार रात 8 बजे, 18 नवंबर से सिर्फ सोनी सब पर प्रसारित होगा।

