दीपावली – छठ पर रेलवे की बड़ी तैयारी, 137 स्पेशल ट्रेनों के 971 ट्रिप संचालित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने सुगम और सुरक्षित रेल यात्रा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। रेलवे की ओर से देश के विभिन्न गंतव्यों के लिए 137 स्पेशल ट्रेनों के 971 ट्रिप संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे भी जोड़े गए हैं।

उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार, छठ पूजा के मद्देनजर विशेष रूप से 65 स्पेशल ट्रेनों के 382 ट्रिप अधिसूचित किए गए हैं। यात्रियों की मांग और भीड़ की लगातार समीक्षा की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा। रेलवे यात्री भार के अनुसार तत्काल ऑन डिमांड ट्रेनें भी चला रहा है।

खास बात यह है कि बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनों के संचालन के बावजूद उत्तर पश्चिम रेलवे ने 96 प्रतिशत समयपालन हासिल किया है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह यात्रियों को निर्धारित समय पर गंतव्य तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें होल्डिंग एरिया की स्थापना, अतिरिक्त टिकट सुविधा, टीटीई और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती तथा यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म पर प्रवेश देना शामिल है।

इसके साथ ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों और 24 घंटे संचालित वॉर रूम के माध्यम से स्टेशनों की लगातार निगरानी की जा रही है। महाप्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।

रेलवे प्रशासन के मुताबिक, इन इंतजामों से यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल रहा है और सकारात्मक प्रतिक्रिया भी प्राप्त हो रही है। रेलवे का लक्ष्य त्योहारों के दौरान प्रत्येक यात्री को सुरक्षित, व्यवस्थित और आरामदायक सफर उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button