68,500 शिक्षक भर्ती: आरक्षण विसंगति के खिलाफ 74वें दिन भी धरना जारी, केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल से मिले अभ्यर्थी

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति के समाधान और न्याय की मांग को लेकर पिछले 74 दिनों से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने केंद्रीय राज्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल से मुलाकात की। बृजमोहन सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आगरा स्थित उनके आवास पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। साथ ही राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग और उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेशों एवं संस्तुतियों की प्रतियां भी उपलब्ध कराईं।

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि दोनों पिछड़ा वर्ग आयोगों के आदेशों के अनुरूप ओबीसी अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ देते हुए भर्ती का परिणाम संशोधित किया जाए और सभी पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जाए। इसके अलावा आरक्षण के लाभ से वंचित रखने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की गई।

मुलाकात के दौरान प्रो. एसपी सिंह बघेल ने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया कि वह जल्द ही उत्तर प्रदेश शासन और प्रदेश सरकार से वार्ता कर इस मामले में सकारात्मक पहल करेंगे। उन्होंने अभ्यर्थियों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि उनके पास संवैधानिक आयोगों के आदेश भी मौजूद हैं। सरकार को इनके अनुरूप न्याय करना चाहिए।

आंदोलनकारी तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी लखनऊ के ईको गार्डन में लगातार धरना दे रहे हैं। ‘दस्तक दो अभियान’ के तहत अब तक कई केंद्रीय मंत्रियों, केंद्रीय राज्यमंत्रियों और प्रदेश सरकार के मंत्रियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है।

तूफान सिंह ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग की हालिया बैठक में भी भर्ती की आरक्षण विसंगति से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए थे, बावजूद इसके कार्रवाई लंबित है। उन्होंने मांग की कि आयोगों के आदेशों के आधार पर तत्काल परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए।

अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि जब तक आरक्षण विसंगति का समाधान और नियुक्ति नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button