पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक ने किया बस्ती स्टेशन का निरीक्षण, पुनर्विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, गोरखपुर : पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने 12 नवंबर 2026 को लखनऊ मंडल के शाखा अधिकारियों के साथ बस्ती रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षित ट्रेन संचालन के लिए रेलवे ट्रैक के टो (Toe) लोड की जांच की तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

महाप्रबंधक ने सबसे पहले रेलवे ट्रैक के टो लोड की जांच कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संरक्षित ट्रेन संचालन के लिए रेलवे ट्रैक के समयबद्ध अनुरक्षण पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद उन्होंने बस्ती स्टेशन के पुनर्विकास के ले-आउट प्लान का अवलोकन किया। इस दौरान सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, एस्केलेटर, लिफ्ट, गुड्स साइडिंग और प्लेटफार्मों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन पर प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने, स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखने और यात्रियों की सुविधा के लिए पार्किंग व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर स्थित एसी लाउंज, डॉरमेट्री, महिला एवं पुरुष प्रतीक्षालय, सीसीटीवी कक्ष, आरपीएफ पोस्ट तथा पैनल कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे आवासों में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त बस्ती-ओरवारा रेलखंड के बीच बस्ती स्टेशन यार्ड में समपार संख्या 198 पर निर्माणाधीन रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का भी निरीक्षण किया।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को सभी पुनर्विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button