
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : भारतीय रेलवे की डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने और यात्रियों को सुविधाजनक एवं तनावमुक्त सफर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों से रेलवे के आधिकारिक सुपर ऐप ‘रेलवन’ (RailOne) का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशनों पर टिकट काउंटरों की भीड़ कम करना और यात्रियों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सभी प्रमुख सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
रेलवन ऐप के माध्यम से यात्री अनारक्षित एवं प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने के साथ आरक्षित टिकट भी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा पीएनआर की स्थिति, ट्रेन की वास्तविक लोकेशन, आगमन-प्रस्थान का समय, प्लेटफॉर्म नंबर और कोच पोजीशन की जानकारी भी हासिल कर सकते हैं।
यात्रियों को इस ऐप पर ई-कैटरिंग के जरिए भोजन मंगाने, दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए व्हीलचेयर और कुली सेवा बुक करने तथा शिकायतों के समाधान के लिए रेल मदद की सुविधा भी उपलब्ध है।
ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को तीन प्रतिशत अतिरिक्त बोनस छूट दी जा रही है। यह राशि सीधे आर-वॉलेट में जमा होती है, जिसका इस्तेमाल भविष्य में टिकट बुकिंग के लिए किया जा सकता है। यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और आर-वॉलेट से भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि रेलवन यात्रियों के लिए स्मार्ट और सुविधाजनक डिजिटल समाधान है। जम्मू मंडल का प्रयास है कि डिजिटलीकरण के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाई जाए। उन्होंने यात्रियों से स्वयं ऐप अपनाने और अन्य लोगों को भी इसके उपयोग के लिए प्रेरित करने की अपील की।
जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, उधमपुर, पठानकोट कैंट, कठुआ, बनिहाल और श्रीनगर सहित प्रमुख स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्री इसे गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से निःशुल्क डाउनलोड कर सकते हैं।