
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : छठ पूजा के अवसर पर घर जाने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्यापक इंतजाम किए हैं। खासतौर पर देश के पूर्वी हिस्सों की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।
उत्तर रेलवे के अनुसार, आज 13 नवंबर 2026 को दिल्ली क्षेत्र से कुल 26 विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। इनमें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से 11, आनंद विहार टर्मिनल से 7, शकूरबस्ती से 5, हजरत निजामुद्दीन से 1, दिल्ली जंक्शन से 1 और रोहतक से 1 विशेष ट्रेन शामिल है। इसके अलावा यात्रियों की मांग के अनुसार अनारक्षित विशेष ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है।
रेलवे ने बताया कि इससे पहले 12 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र से कुल 33 विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं। इनमें 31 निर्धारित विशेष ट्रेनें और 2 अतिरिक्त अनिर्धारित ट्रेनें शामिल थीं। नई दिल्ली से 11, आनंद विहार से 7, शकूरबस्ती और हजरत निजामुद्दीन से 5-5, दिल्ली जंक्शन से 3, रोहतक और दिल्ली सराय रोहिल्ला से एक-एक ट्रेन संचालित की गई थी।
वहीं, 14 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों से 25 विशेष ट्रेनें चलाने की योजना है। इनमें नई दिल्ली से 7, आनंद विहार से 5, शकूरबस्ती से 7, हजरत निजामुद्दीन से 3, दिल्ली जंक्शन से 2 और रोहतक से एक ट्रेन शामिल है। इसके साथ ही मांग के अनुसार अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए रेलवे लगातार विशेष व्यवस्थाएं कर रहा है।

