
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : गुजराती परिवारों में शादी सिर्फ दो लोगों का रिश्ता नहीं, बल्कि पूरे परिवार की पसंद, राय और अपेक्षाओं से जुड़ा मामला होता है। इसी पारिवारिक माहौल, रिश्तों की उलझनों और शादी के दबाव को हास्य और भावनात्मक अंदाज में पेश करती है शेमारूमी की ओरिजिनल सीरीज ‘एक कन्या कुँवारी’। इसका प्रीमियर 22 अक्टूबर को विशेष रूप से शेमारूमी पर हुआ।
सीरीज में जाह्नवी गुरनानी ने शिवानी दवे का किरदार निभाया है, जो वडोदरा के मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाली आत्मविश्वासी और स्वतंत्र विचारों वाली बैंक कर्मचारी है। परिवार चाहता है कि शिवानी जल्द शादी कर अपनी जिंदगी में सेटल हो जाए, लेकिन वह अपनी पसंद और जरूरतों को समझते हुए सही जीवनसाथी चुनना चाहती है।
कहानी में शिवानी की अलग-अलग संभावित रिश्तों से मुलाकात, परिवार की प्रतिक्रियाएं और रिश्तेदारों की दखलअंदाजी कई मजेदार परिस्थितियां पैदा करती हैं। इस सफर में उसे एहसास होता है कि सही जीवनसाथी की तलाश के साथ खुद को समझना भी बेहद जरूरी है।
अपने किरदार के बारे में जाह्नवी गुरनानी कहती हैं कि शिवानी की कहानी से आज की कई लड़कियां खुद को जोड़ पाएंगी। वह परिवार और अपनी परंपराओं का सम्मान करती है, लेकिन अपनी पहचान और फैसलों से समझौता नहीं करना चाहती। उनके मुताबिक, अच्छी बेटी होने का मतलब हर बात पर सहमति देना नहीं है। जरूरत पड़ने पर ‘ना’ कहना भी आत्मसम्मान का हिस्सा है।
सीरीज कामकाजी महिलाओं पर शादी को लेकर बने सामाजिक दबाव को भी सामने लाती है। इसमें दिखाया गया है कि महिलाएं अपनी शर्तों पर जिंदगी जीना चाहती हैं, लेकिन परिवार और समाज की अपेक्षाएं उनके फैसलों को प्रभावित करती हैं।
गुजराती संस्कृति, पारिवारिक रिश्तों, हास्य और आधुनिक सोच का संगम ‘एक कन्या कुँवारी’ अरेंज मैरिज की प्रक्रिया को एक नए और मनोरंजक नजरिये से प्रस्तुत करता है।