
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं बेहतर यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार 02 अप्रैल 2026 को मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा द्वारा लखनऊ स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर होने वाले अवसंरचना कार्यों का जायजा लिया। मंडल रेल प्रबंधक ने विशेष रूप से इन विकास कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा प्रभावित न हो, इसके लिए किए जा रहे भीड़ प्रबंधन उपायों की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्लेटफॉर्म परिवर्तन, ट्रेनों के आगमन/प्रस्थान एवं यात्री आवागमन को सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
चारबाग, लखनऊ रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित कॉनकोर्स के निर्माण हेतु पाइलिंग एवं पाइल फाउंडेशन कार्य (भूमि के अंदर गहराई तक पाइल डालकर मजबूत नींव तैयार करना) किया जाना प्रस्तावित है। इस कार्य के लिए प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर स्थित प्लेटफॉर्म शेल्टर के विखंडन का कार्य दिनांक 04 अप्रैल 2026 से 11 अप्रैल 2026 तक पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक के अंतर्गत किया जाएगा।
इस परियोजना के तहत लगभग 13,800 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विशाल कॉनकोर्स एरिया विकसित किया जाएगा, जिससे यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम एवं व्यवस्थित होगी। इसके अतिरिक्त, लगभग 2,200 वर्गमीटर का वाणिज्यिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी। यात्रियों की सुविधा एवं दिव्यांगजन अनुकूल आवागमन सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन परिसर में 08 लिफ्ट एवं 09 एस्केलेटर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही, लगभग 1,750 यात्रियों की बैठने की क्षमता का प्रावधान किया गया है, जिससे प्रतीक्षा के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।
मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं l उन्होंने कहा कि लखनऊ स्टेशन पर किए जा रहे ये विकास कार्य भविष्य में यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।


