
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुनील कुमार वर्मा ने मंगलवार को चौखंडी, जंघई एवं वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, स्टेशन परिसर की स्थिति और विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्री सुविधाओं में सुधार तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत चौखंडी रेलवे स्टेशन से हुई। यहां डीआरएम ने प्लेटफॉर्म संख्या-1, फुट ओवर ब्रिज, शौचालय, स्टेशन मास्टर कक्ष, आईपीएस कक्ष, बैटरी कक्ष सहित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र पूरा कराने के साथ यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) विकसित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने रेलवे समपार फाटक संख्या 15/सी का भी निरीक्षण किया।
इसके बाद जंघई स्टेशन पर उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या-1, 2 एवं 3, शौचालय, प्रतीक्षालय, पूछताछ काउंटर, स्टेशन भवन और विभिन्न कार्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाकर समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एक यात्री ने ट्रेनों के कोच की स्थिति दर्शाने वाले कोच पोजिशन बोर्ड लगाने का अनुरोध किया, जिस पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अंत में डीआरएम ने वाराणसी जंक्शन पहुंचकर वहां उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
