
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / नई दिल्ली : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ ने सामाजिक न्याय और समावेशी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। विश्वविद्यालय ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान (एनआईएसडी) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस राष्ट्रीय साझेदारी के लिए देशभर के 23 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों का चयन किया गया है, जिनमें बीबीएयू भी शामिल है।
नई दिल्ली में एनआईएसडी की ओर से आयोजित राष्ट्रीय एमओयू आदान-प्रदान समारोह में यह समझौता संपन्न हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, सचिव संदीप पंत, संयुक्त सचिव संदीप रेवाजी राठौड़ और एनआईएसडी निदेशक गौरव सिंह राजावत उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. यू. वी. किरण ने प्रतिनिधित्व करते हुए एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
यह पहल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में शैक्षणिक सहभागिता, सामाजिक उत्तरदायित्व और समावेशी विकास को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है।
समझौते के तहत दोनों संस्थान सामाजिक रक्षा के क्षेत्र में अनुसंधान, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, पाठ्यक्रम विकास, निवारक शिक्षा और जनजागरूकता के लिए संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। इसमें नशा मुक्त भारत अभियान, मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम, वरिष्ठ नागरिकों का कल्याण, ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकार एवं कल्याण तथा भिक्षावृत्ति की रोकथाम प्रमुख विषय होंगे।
इस साझेदारी से विश्वविद्यालय को सामाजिक समस्याओं पर शोध, प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही शैक्षणिक गतिविधियों को समाज के वंचित और कमजोर वर्गों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
बीबीएयू की यह उपलब्धि सामाजिक सुरक्षा, समानता और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।