
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक एवं अनियमित उपयोग और संक्रमण की रोकथाम में लापरवाही भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य संकट पैदा कर सकती है। ऐसी स्थिति में सामान्य संक्रमण, छोटी सर्जरी और मामूली चोटों का उपचार भी मुश्किल हो सकता है। एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) से निपटने के लिए स्वच्छता, टीकाकरण और दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग को जन-आंदोलन बनाना होगा। यह विचार स्टेट फार्मेसी काउंसिल उत्तर प्रदेश के पूर्व चेयरमैन एवं फार्मासिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष सुनील यादव ने नेशनल फार्मेसी वीक 2026 के अवसर पर टीआरसी महाविद्यालय में आयोजित उद्घाटन सत्र में व्यक्त किए।
उन्होंने बताया कि 15 से 21 नवंबर तक मनाए जा रहे 65वें नेशनल फार्मेसी वीक की थीम भारतीय फार्मास्युटिकल एसोसिएशन ने “Empowering Pharmacists for Healthier Future” रखी है। वहीं, फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया ने इसे “स्वस्थ भारत : Combating Antimicrobial Resistance (AMR)” अभियान से जोड़ा है।

सुनील यादव ने बताया कि AMR ऐसी स्थिति है, जिसमें बैक्टीरिया, वायरस, फंगस और परजीवी जैसे सूक्ष्मजीव दवाओं के प्रति प्रतिरोध विकसित कर लेते हैं। इससे संक्रमण का इलाज लंबा, कठिन और महंगा हो जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एंटीबायोटिक केवल बैक्टीरियल संक्रमण में प्रभावी होती हैं, जबकि सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसे वायरल संक्रमण में इनका कोई लाभ नहीं है।
उन्होंने कहा कि बिना चिकित्सकीय सलाह एंटीबायोटिक लेना, निर्धारित खुराक या अवधि का पालन नहीं करना और बची हुई दवाओं का दोबारा इस्तेमाल करना AMR को बढ़ाता है। फार्मासिस्टों को मरीजों को दवाओं के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना चाहिए।

फेडरेशन के महामंत्री अशोक कुमार ने AMR से निपटने के लिए मानव, पशु और पर्यावरण के स्वास्थ्य को एक साथ जोड़ने वाले ‘वन हेल्थ’ दृष्टिकोण को जरूरी बताया। वहीं, साइंटिफिक कमेटी के चेयरमैन प्रोफेसर हरलोकेश ने बताया कि फेडरेशन द्वारा इस विषय पर शैक्षणिक कार्यक्रम, वेबिनार और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
सुनील यादव ने आमजन से चिकित्सकीय सलाह के बिना एंटीबायोटिक नहीं लेने, निर्धारित उपचार पूरा करने, दवाएं साझा नहीं करने, नियमित हाथ धोने, टीकाकरण कराने और मेडिकल अपशिष्ट का उचित निस्तारण करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक का दुरुपयोग रोकना केवल सरकार और स्वास्थ्यकर्मियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। सामूहिक प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रभावी दवाओं को सुरक्षित रखा जा सकता है।
