अनिल कपूर ने साझा किया 60 साल पुराना किस्सा, ‘टार्ज़न कम्स टू दिल्ली’ से किया था पहला कैमरा फेस

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : स्टार प्लस के शो ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ में इस बार दर्शकों को अनिल कपूर की जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प और भावुक किस्सा सुनने को मिलेगा। शो के आगामी एपिसोड में ‘इंडियन टार्ज़न कपल’ के साथ बातचीत के दौरान अनिल कपूर ने अपने बचपन की यादें ताजा कीं और बताया कि उन्होंने पहली बार किस फिल्म के लिए कैमरे का सामना किया था।

‘टार्ज़न’ का नाम सुनते ही अनिल कपूर को अपने पिता और फिल्म निर्माता सुरिंदर कपूर की याद आ गई। उन्होंने बताया कि उनका पहला कैमरा शॉट वर्ष 1965 में रिलीज हुई फिल्म ‘टार्ज़न कम्स टू दिल्ली’ के लिए था। उस समय वह काफी छोटे थे। फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्होंने कुतुब मीनार के सामने तस्वीरें भी खिंचवाई थीं।

इस फिल्म में टार्ज़न की मुख्य भूमिका दिग्गज पहलवान और अभिनेता दारा सिंह ने निभाई थी। अनिल कपूर ने दारा सिंह को याद करते हुए उनकी खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि दारा सिंह बेहद नेकदिल, उदार और बड़े दिल वाले इंसान थे। उनके व्यक्तित्व और व्यवहार ने अनिल कपूर पर गहरी छाप छोड़ी थी।

अनिल ने शो में कहा कि इस फिल्म के लिए कैमरे के सामने आना उनकी जिंदगी का पहला अनुभव था, जिसे वह आज भी याद करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उस दौर की यादें उनके लिए बेहद खास हैं और दारा सिंह जैसे महान कलाकार के साथ जुड़ी स्मृतियां आज भी उनके दिल के करीब हैं।

गौरतलब है कि ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ में अनिल कपूर कंटेस्टेंट्स के साथ मनोरंजक बातचीत के अलावा अपनी जिंदगी के अनसुने किस्से भी साझा करते हैं।

यह शो हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होता है।

Related Articles

Back to top button