बीबीएयू में छोटी नदियों के पुनरुद्धार पर राष्ट्रीय कार्यशाला शुरू, प्रकृति आधारित समाधानों पर हुआ मंथन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में 19 नवंबर को पर्यावरण विज्ञान विभाग की ओर से ‘प्रकृति आधारित समाधानों द्वारा छोटी नदियों का पुनरुद्धार’ विषय पर द्विदिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के विशेष सचिव डॉ. राकेश पटेल (आईएएस) रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान विद्यापीठ के संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संयोजक एवं पर्यावरण विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. वेंकटेश दत्ता ने कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी दी।

मुख्य अतिथि डॉ. राकेश पटेल ने कहा कि छोटी नदियां जल आपूर्ति के साथ भूजल पुनर्भरण, कृषि, जैव विविधता और स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके पुनरुद्धार के लिए वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों का पुनर्स्थापन, नदी तटों का संरक्षण और जलग्रहण क्षेत्रों का वैज्ञानिक प्रबंधन जरूरी है।

सीएसआईआर-सीडीआरआई के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक एवं साइंस कार्टूनिस्ट डॉ. प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने जल संरक्षण और नदियों के भविष्य की चुनौतियों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए वैज्ञानिक प्रयासों के साथ जनभागीदारी भी आवश्यक है। विज्ञान आधारित कार्टून और रचनात्मक माध्यमों से बच्चों एवं युवाओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सकती है।

उत्तर प्रदेश राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के मिथिलेश कुमार मिश्रा ने छोटी नदियों के संरक्षण, भूजल स्तर सुधारने और जलग्रहण क्षेत्रों के प्रबंधन पर जोर दिया। प्रो. वेंकटेश दत्ता ने कहा कि छोटी नदियां गंभीर संकट से गुजर रही हैं और कई नदियां नालों में तब्दील हो रही हैं।

इस अवसर पर कार्यशाला की स्मारिका का विमोचन हुआ। तकनीकी सत्र में समूह चर्चा, पोस्टर प्रस्तुतीकरण और प्रश्नोत्तर आयोजित किए गए। कार्यक्रम में शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button