क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में बीबीएयू को पहली बार मिली जगह, वैश्विक स्तर पर बनाई पहचान

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करते हुए पहली बार क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में स्थान हासिल किया है। विश्वविद्यालय ने 40.0 का समग्र स्कोर प्राप्त कर वैश्विक स्तर पर 1501+ रैंक बैंड में जगह बनाई है। यह रैंकिंग विश्वविद्यालयों के पर्यावरणीय प्रभाव, सामाजिक प्रभाव और प्रशासनिक व्यवस्था के आधार पर उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन करती है।

रैंकिंग की तीन प्रमुख श्रेणियों सामाजिक प्रभाव, पर्यावरणीय प्रभाव और शासन व्यवस्था में विश्वविद्यालय को क्रमशः 37.0, 37.6 और 68.8 अंक प्राप्त हुए हैं। वहीं, पर्यावरण अनुसंधान में 67.6, स्वास्थ्य एवं कल्याण में 64.6, ज्ञान का आदान-प्रदान में 40.0 तथा समानता के क्षेत्र में 35.7 अंक हासिल हुए हैं। रैंकिंग से संबंधित कार्यों का नेतृत्व प्रो. कुशेन्द्र मिश्रा और आईक्यूएसी निदेशक प्रो. शिल्पी वर्मा ने किया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सतत विकास उच्च शिक्षा संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध के साथ समाज, पर्यावरण एवं मानव कल्याण के प्रति संवेदनशील नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के सामूहिक प्रयास, समर्पण और प्रतिबद्धता का परिणाम है।

कुलपति ने सभी संकाय सदस्यों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समावेशिता, अनुसंधान, नवाचार और संस्थागत उत्कृष्टता के क्षेत्रों में अपने प्रयासों को और मजबूत करेगा।

प्रो. कुशेन्द्र मिश्रा और प्रो. शिल्पी वर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि सतत विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करती है। विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध और नवाचार के माध्यम से सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

Related Articles

Back to top button