बीबीएयू की फुटबॉल टीम ने नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी को हराया, अगले दौर में बनाई जगह

सेंट्रल जोन इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत, अब मेजबान कानपुर विश्वविद्यालय से होगा मुकाबला

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ की पुरुष फुटबॉल टीम ने सेंट्रल जोन इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के साथ आगाज किया है। टीम ने अपने पहले मुकाबले में नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी की टीम को हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया। टूर्नामेंट का आयोजन छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में किया जा रहा है।

प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बीबीएयू की पुरुष फुटबॉल टीम कानपुर रवाना हुई थी। पहले मुकाबले में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और सामूहिक प्रयास का परिचय दिया। पूरे मैच के दौरान टीम ने बेहतर तालमेल और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। इस सफलता के साथ विश्वविद्यालय की टीम ने अगले चरण में अपनी जगह पक्की कर ली है।

अब बीबीएयू की टीम का अगला मुकाबला टूर्नामेंट की मेजबान छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर की टीम के साथ होगा। इस मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह है और टीम बेहतर प्रदर्शन के इरादे से मैदान में उतरेगी।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने टीम की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों और कोच को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेल प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगामी मुकाबलों में भी इसी उत्साह, मेहनत और प्रतिबद्धता के साथ प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

टीम के साथ कोच के रूप में डॉ. रवि शंकर वर्मा मौजूद रहे। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। विश्वविद्यालय परिवार ने भी टीम की इस उपलब्धि पर खुशी जताई और आगामी मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button