उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन

अपर महाप्रबंधक आलोक मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ, अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा पुष्पांजलि

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार, 16 नवंबर 2026 को जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। 15 नवंबर को अवकाश होने के कारण कार्यक्रम का आयोजन एक दिन बाद किया गया। इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रहित में उनके योगदान को याद किया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि प्रधान कार्यालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अपर महाप्रबंधक आलोक मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण करके किया।

इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक आलोक मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में विषम परिस्थितियों के बावजूद लोगों को संगठित कर अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने सामाजिक चुनौतियों का सामना करते हुए देश की स्वतंत्रता और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की। उनका जीवन साहस, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य उनके त्याग, बलिदान और उत्कृष्ट कार्यों को याद करना तथा उनके आदर्शों एवं विचारों को अपने जीवन में अपनाना है। इससे परिवार और समाज को भी सकारात्मक दिशा देने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम में ऑल इंडिया रेलवे एससी/एसटी एसोसिएशन के पदाधिकारी बीएल बैरवा और टीकाराम मीना, उत्तर पश्चिम रेलवे एम्पलाईज यूनियन के पदाधिकारी राजीव सारण तथा उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ के पदाधिकारी महेश कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और राष्ट्रहित में उनके योगदान पर विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button