
24 नवंबर से होगा प्रसारण, एकता कपूर ने बताया शादी और रिश्तों के बीच अलग-अलग ख्वाहिशों का होगा दिलचस्प चित्रण
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : टेलीविजन की दुनिया में एक नई रोमांटिक और पारिवारिक कहानी लेकर बालाजी टेलीफिल्म्स आ रहा है। स्टार प्लस के आगामी शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ में अभिनेता गौरव खन्ना और अभिनेत्री श्रद्धा आर्या पहली बार एक साथ नजर आएंगे। शो का प्रसारण 24 नवंबर से रात 9 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।
निर्माता एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में शो की कहानी के पीछे की सोच साझा की है। कहानी एक अहम सवाल के इर्द-गिर्द घूमती है कि क्या शादीशुदा जिंदगी में खुश रहने वाले दो लोग भविष्य को लेकर अलग-अलग सपने देख सकते हैं?
शो में श्रद्धा आर्या जानकी और गौरव खन्ना मानव की भूमिका निभा रहे हैं। जानकी अपने पति मानव के साथ बिताए छोटे-छोटे पलों और उनकी साझा जिंदगी में खुश है। उसके लिए दोनों का साथ और अब तक बनाया गया संसार ही पर्याप्त है। दूसरी ओर, मानव के मन में उम्र के इस पड़ाव पर कुछ अधूरी इच्छाएं और नए अनुभवों की चाह है। वह खुद से सवाल करता है कि अब वह अपने लिए क्या करना चाहता है।
एकता कपूर के मुताबिक, जिंदगी में हर व्यक्ति स्थिरता और नए अनुभवों के रोमांच के बीच संतुलन तलाशता है। कभी अपनेपन का सुकून अच्छा लगता है तो कभी कुछ नया करने की इच्छा जागती है। इसी भावनात्मक उलझन को मानव और जानकी के रिश्ते के माध्यम से दिखाया जाएगा।
शो में रोजमर्रा की बातचीत, पारिवारिक परिस्थितियों और पति-पत्नी के अलग-अलग नजरियों के जरिए रिश्तों की जटिलताओं को सामने लाया जाएगा। कहानी यह भी दिखाएगी कि लंबे समय तक साथ रहने के बावजूद दो लोगों की इच्छाएं और भविष्य को लेकर सोच अलग हो सकती है।
