बीबीएयू में जनजातीय गौरव दिवस पर होगा आयोजन, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में सुबह 10 बजे से होने वाले इस आयोजन में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल करेंगे। इसमें बहराइच लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर की कुलपति प्रो. शोभा गौर मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के सहायक प्रोफेसर डॉ. राम शंकर उरांव विशेष व्याख्यान देंगे।

कार्यक्रम के दौरान जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित कर पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ ही जनजातीय समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और जीवनशैली को प्रदर्शित करने के लिए विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण विश्वविद्यालय परिसर में सखुआ के पौधों का रोपण भी होगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदायों के गौरवशाली अतीत, उनकी सांस्कृतिक पहचान और देश की आजादी के आंदोलन में उनके अतुलनीय योगदान को सम्मान देना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को जनजातीय नायकों के संघर्ष, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से परिचित कराया जाएगा।

विश्वविद्यालय का यह आयोजन जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उनके सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Related Articles

Back to top button