
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट-मझगवां : भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव वर्ष के उपलक्ष्य में दीनदयाल शोध संस्थान की ओर से आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़ा के अंतर्गत ग्राम बांका में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। फाइनल मुकाबला परेवा और हिरौंदी की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें परेवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हिरौंदी को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में परेवा ने भरगवां और दूसरे सेमीफाइनल में हिरौंदी ने अठवरही को हराकर फाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता में सोनबरसा, तिघरा, हिरौंदी, भरगवां, अठवरही, बांका गोहानी और लालपुर पटिहर सहित आसपास के क्षेत्रों की टीमों ने भाग लिया।
समापन समारोह में चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। खेल के क्षेत्र में भी जनजातीय युवाओं ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने पंचायत स्तर पर बेहतर खेल मैदान विकसित करने के लिए भूमि चिह्नित करने का आह्वान किया।
दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। खेल आपसी सहयोग और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सतना सदस्य संजय सिंह कछवाह, बांका सरपंच बैजनाथ प्रजापति सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि 15 नवंबर को ग्राम बांका में बिरसा मुंडा शोध समिति के सहयोग से भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भव्य समारोह आयोजित होगा। इसमें मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह और विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इस अवसर पर रामचरितमानस पाठ, हवन-पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।

