
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ की पुरुष फुटबॉल टीम सेंट्रल जोन इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में प्रतिभाग करने के लिए छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के लिए रवाना हो गई। प्रतियोगिता में बीबीएयू की टीम अपना पहला मुकाबला नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी की टीम के साथ खेलेगी। विश्वविद्यालय की टीम इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने और जीत हासिल करने के उद्देश्य से पूरे उत्साह के साथ रवाना हुई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने सभी खिलाड़ियों को अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों के जरिए विद्यार्थियों में शारीरिक और मानसिक क्षमता के विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना जैसे गुण भी विकसित होते हैं।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरे आत्मविश्वास, समर्पण और उत्साह के साथ मैदान में उतरने तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
टीम के मैनेजर एवं कोच के रूप में डॉ. रवि शंकर वर्मा भी खिलाड़ियों के साथ कानपुर के लिए रवाना हुए। उनके मार्गदर्शन में टीम प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा और सामूहिक क्षमता का प्रदर्शन करेगी।
विश्वविद्यालय परिवार ने पुरुष फुटबॉल टीम के सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन और सफलता की उम्मीद जताई। विश्वविद्यालय को विश्वास है कि टीम अपने उत्कृष्ट खेल कौशल से संस्थान का गौरव बढ़ाएगी।
