भारत के डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को अंतरराष्ट्रीय सम्मान, DFCCIL को मिला FIDIC एशिया-पैसिफिक अवार्ड

2,843 किलोमीटर लंबे ईस्टर्न और वेस्टर्न कॉरिडोर, लार्ज प्रोजेक्ट श्रेणी में पुरस्कृत, एमडी आलोक तिवारी ने ग्रहण किया सम्मान

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नोएडा : भारत की महत्वाकांक्षी रेल इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित FIDIC एशिया-पैसिफिक सम्मेलन में प्रतिष्ठित FIDIC एशिया-पैसिफिक प्रोजेक्ट अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। कंपनी को यह पुरस्कार लार्ज प्रोजेक्ट श्रेणी में मिला है। सोमवार को आयोजित समारोह में DFCCIL के प्रबंध निदेशक आलोक तिवारी ने कार्यकारी निदेशक पवन कुमार के साथ यह सम्मान प्राप्त किया।

यह पुरस्कार देश में आधुनिक इंजीनियरिंग, तकनीकी उत्कृष्टता और माल परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के योगदान के लिए दिया गया है। लगभग 1.24 लाख करोड़ रुपये की लागत से विकसित 2,843 किलोमीटर लंबे नेटवर्क में दो प्रमुख कॉरिडोर शामिल हैं। ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (EDFC) लुधियाना से सोननगर तक 1,337 किलोमीटर और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) दादरी से जवाहरलाल नेहरू पोर्ट तक 1,506 किलोमीटर लंबा है।

इस परियोजना के तहत विद्युतीकृत डबल ट्रैक का निर्माण किया गया है। इन विशेष रेलमार्गों पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से 1,500 मीटर तक लंबी मालगाड़ियां चलाई जा सकती हैं। इससे माल ढुलाई का समय घटाने, परिवहन लागत कम करने और उद्योगों को बेहतर आपूर्ति व्यवस्था उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।

कॉरिडोर औद्योगिक क्षेत्रों, उत्पादन केंद्रों, फ्रेट टर्मिनलों और प्रमुख बंदरगाहों को जोड़ता है। इससे निर्यात-आयात, कृषि, खनन और व्यापार को भी लाभ मिल रहा है। साथ ही, मालगाड़ियों के लिए अलग ट्रैक उपलब्ध होने से मौजूदा रेल नेटवर्क पर यात्री ट्रेनों के संचालन और समयबद्धता में सुधार की संभावना बढ़ी है।

गौरतलब है कि वर्ष 1913 में स्थापित FIDIC इंजीनियरिंग क्षेत्र का अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जो गुणवत्ता, पारदर्शिता और सतत विकास को बढ़ावा देता है।

Related Articles

Back to top button